
भोपाल, 28 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि जापान और मध्यप्रदेश के व्यापार और निवेश के संदर्भ में संबंध नए नहीं हैं और राज्य को जापान से अहम निवेश की उम्मीद है।
डॉ यादव जापान की राजधानी टोक्यो की अपनी यात्रा के दौरान निवेश से जुड़े एक सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जापान का बहुत समृद्ध इतिहास है। कई प्राकृतिक आपदाओं से उबरने वाले जापान की उद्यमशीलता बहुत प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विश्व बंधुत्व की भावना’ के साथ दुनिया में एक नई शक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जापान और मध्यप्रदेश के व्यापार और निवेश के संदर्भ में संबंध नए नहीं हैं। मध्यप्रदेश से निर्यात होने वाली वस्तुओं को अगर देखें तो 2023-24 में मध्यप्रदेश से जापान को 92.8 मिलियन का निर्यात किया गया है।
इसी क्रम में डॉ यादव ने कहा कि वर्तमान सत्र के माध्यम से भी मध्यप्रदेश को जापान से अहम निवेश की उम्मीद है।मध्यप्रदेश में बड़े पैमाने पर आईटी सेक्टर में दक्ष युवा भी उपलब्ध हैं।