विनय असाटी
दमोह: सिटी कोतवाली क्षेत्र के धर्मपुरा इलाके से रविवार सुबह करीब 11 बजे बिना बताए घर से निकले दो मासूम बच्चों के गुम होने से परिजन परेशान हो गए थे। पड़ोसियों को आपबीती बताने के बाद परिजनों ने रविवार रात सिटी कोतवाली पहुंचकर दोनों बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।रिपोर्ट दर्ज होते ही कोतवाली पुलिस एक्टिव हुई और बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और सीएसपी एच.आर. पांडे के मार्गदर्शन में टीआई कोतवाली मनीष कुमार, चौकी प्रभारी बजरिया राकेश पाठक, एएसआई साहब सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक अभिषेक चौबे, राजेश,आरक्षक नरेंद्र पटेरिया, आकाश पाठक, ओमप्रकाश रैकवार व चालक सहयोगी आनंद पचौरी सहित पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तलाश अभियान चलाया।
पुलिस ने सीटीवी फुटेज, पुलिस कंट्रोल रूम,जीआरपी, आरपीएफ,आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी जुटाई। कड़ी मशक्कत के बाद कुछ ही घंटे के भीतर दोनों बच्चों को तलाश कर लिया गया।पुलिस ने बच्चों से पूछताछ के बाद उन्हें कोतवाली बुलाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इस दौरान पुलिस ने माता-पिता को समझाइश दी कि बच्चों को अकेला न छोड़ें और बिना बताए घर से बाहर न जाने दें।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।साथ ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने भी अपील की है कि अपने बच्चों को अकेले बिल्कुल ना छोड़े, उनके बारे में जानकारी समय-समय पर लेते रहे।
