नीलगंगा चौराहे से जूना अखाड़ा चौराहे तक सड़क होगी चौड़ी

उज्जैन: शहर में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम के अफसर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं. करीब 10 साल पुराने नीलगंगा चौराहे से जूना अखाड़ा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट की फाइल दोबारा खोल दी गई है. प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज होने के साथ ही पहले चरण में जबरन कॉलोनी के 25 मकानों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है.

शनिवार रात हुए सनसनीखेज गोलीकांड में एक ही परिवार के चार लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी. इस घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र की व्यवस्थाओं और पुराने लंबित प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम शुरू कर दिया है. दोहरे हत्याकांड से जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन की टीम रात भर जागती रही घटनाक्रम के बाद नए सिरे से निर्णय लिया जा रहा है.

ठंडे बस्ते में थी फाइल
जानकारी के अनुसार, नीलगंगा चौराहे से जूना अखाड़ा चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की योजना वर्षों पहले बनाई गई थी, बावजूद यह लंबे समय से ठंडे बस्ते में पड़ी थी। अब इस फाइल को दोबारा सक्रिय कर दिया गया है. नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम जल्द ही प्रभावित मकान मालिकों को नए सिरे से नोटिस जारी कर सकती है.

25 मकान चौड़ीकरण की जद में
सूत्रों के मुताबिक पहले चरण में जबरन कॉलोनी के 25 मकान चौड़ीकरण की जद में हैं. आवश्यकता पड़ने पर दूसरे चरण में अन्य मकानों को भी हटाया जा सकता है. इससे जबरन कॉलोनी के सामने से सड़क चौड़ीकरण का रास्ता पूरी तरह साफ होने की संभावना जताई जा रही है.

पेशवाई और महाकाल मार्ग
यह मार्ग सिंहस्थ के दौरान अखाड़ों की पेशवाई का प्रमुख रास्ता है. इसी मार्ग से नानाखेड़ा और देवासगेट बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, कई स्कूल, कॉलेज, मंदिर तथा शहर के प्रमुख क्षेत्रों के लिए यातायात संचालित होता है. बढ़ते ट्रैफिक और सिंहस्थ-2028 को देखते हुए प्रशासन इस मार्ग को अधिक चौड़ा और सुगम बनाना चाहता है.

पहले भी दिए थे नोटिस
बताया जा रहा है कि पूर्व में भी नीलगंगा चौराहे से जबरन कॉलोनी तक करीब 25 मकान मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे. उस समय कुछ रहवासियों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने की सहमति भी जताई थी. नगर निगम द्वारा सड़क के बीचों-बीच चौड़ीकरण के निशान भी लगाए गए थे, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी.

85 फिट की योजना
गौरतलब है कि सिंहस्थ-2016 के दौरान भी कई मकानों के सामने का लगभग 10 से 12 फीट हिस्सा हटाया गया था. अब बढ़ती आबादी, श्रद्धालुओं की संख्या और भविष्य की यातायात जरूरतों को देखते हुए 85 फीट सड़क चौड़ीकरण की योजना पर फिर से तेजी से काम शुरू होने की संभावना है

Next Post

हरियाली के दावों पर सवाल, सड़क निर्माण के लिए काटे विकसित पेड़

Mon Jul 20 , 2026
इंदौर:एक ओर शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं. जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों के नाम पर वर्षों पुराने और विकसित पेड़ों की कटाई इन प्रयासों पर […]

You May Like