
उज्जैन श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर उज्जैन के ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़े। मंदिर समिति के अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 1 बजे तक 3 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। दर्शन का सिलसिला रात को शयन आरती में पट बंद होने तक निरंतर जारी रहा।
सोमवार को विनायक चतुर्थी होने के कारण भगवान महाकाल का सुबह की भस्मारती में गणेश स्वरूप में पुजारियों ने श्रृंगार किया। बड़ी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने लंबी लाइन में लगकर पैदल चलते हुए दर्शन किए। सुबह से रिमझिम बारिश का दौर भी जारी रहा। श्रद्धालु बारिश में भिगते हुए भी दर्शन से पीछे नहीं हटे।
उज्जैन में दोपहर एक बजे तक करीब 3 लाख श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके हैं।
कलेक्टर व मंदिर प्रशासक
कंट्रोलरूम से नजर रखे रहे
श्रावण के तीसरे सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कलेक्टर रोशन सिंह खुद मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक व अन्य अधिकारियों के साथ महाकाल मंदिर के कंट्रोल रूम में मौजूद रहकर क्राउड मैनजेमेंट करते देखे गए।
फिल्म अभिनेत्री रूपाली
गांगुली पहुंची दर्शन करने
श्रावण सोमवार पर फिल्म और टीवी एक्ट्रेस रूपाली गांगुली भी उज्जैन पहुंचीं। उन्होंने मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। पुजारियों ने उन्हें प्रसाद दिया।
उज्जैन में चारों तरफ भीड़, महाकाल में
पुजारियों तक को प्रवेश में दिक्कत आई
हेरिटेज होटल सहित मंदिर क्षेत्र की होटलों व गेस्ट हाउस में ठहरे यात्री परेशान
उज्जैन श्रावण के तीसरे सोमवार को उज्जैन में इतनी भीड़ उमड़ी की पुराने शहर की सड़के लोगों से पटी नजर आई। चारो तरफ भीड़ ही भीड़ थी। मंदिर में प्रवेश गेट के बाहर लंबी लाइन थी तो पंडे-पुजारियों तक को अंदर जाने में दिक्कत आई।
मंदिर के पास बनी महाराजवाड़ा में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा बनाई गई प्रदेश की सबसे महंगी हेरिटेज होटल में ठहरे यात्रियों को भी आने-जाने में दिक्कत आई। वहीं क्षेत्र में बनी होटलें, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में ठहरे यात्री को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मंदिर क्षेत्र के सारे पहुंच मार्ग दोपहर में ही बेरिकेड्स से बंद कर दिए गए थे। करीब 17 करोड़ रुपए की लागत से बनी होटल क्या काम की जहां सुलभता के साथ यात्री ही नहीं पहुंच पाए। इस मामले में महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक का कहना है कि श्रावण में भीड़ बढ़ने और मंगलवार को नाग पंचमी का पर्व होने के कारण थोड़ी परेशानी आई। लेकिन पार्किंग स्थल से ई-कार्ट की व्यवस्था कर हेरिटेज होटल में पर्यटकों व श्रद्धालुओं को लाने-ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।
तीसरे सोमवार को शिव तांड़व रूप में निकले महाकाल
सवारी देखने उज्जैन में लाखों लोग उमड़े, रामघाट पर आर्मी बैंड व कलाकारों ने दी प्रस्तुति
उज्जैन श्रावण मास के तीसरे सोमवार को उज्जैन में महाकाल की सवारी को देखने के लिए देशभर से लाखों की संख्या में लोग यहां उमड़े। तीसरी सवारी में भगवान महाकाल ने गरुड़ के रथ पर शिव तांडव रूप में निकलकर भक्तों को दर्शन दिए।
आगे चांदी की पालकी में श्री चंद्रमौलेश्वर विराजित थे तो पीछे हाथी पर मनमहेश सवार होकर निकले। मंदिर के सभामंडप में दोपहर 3 बजे चंद्रमौलेश्वर का पुजारियों ने पूजन-अर्चन किया। इसके पश्चात मुख्य द्वार पर बाबा को सलामी देकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। सवारी में आगे भजन मंडलियां व नगर के बैंड धार्मिक प्रदर्शन करते निकले। इसके बाद सवारी के आगे तोपची, घुड़सवार दल, सशस्त्र पुलिस के जवान व पुलिस का बैंड निकला। शिप्रा के रामघाट पर आर्मी के बैंड व जनजातीय कलाकारों ने जोरदार प्रस्तुति दी।
