भोपाल:मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने हाल ही में जारी सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2021 से 2024 के बीच प्रदेश से 31,801 महिलाएं और नाबालिग लड़कियां लापता हुई हैं, जिनमें से 28,857 महिलाएं और 2,944 नाबालिग लड़कियां हैं। औसतन हर दिन 24 महिलाएं लापता हो रही हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
पटवारी ने इसे सरकार की नैतिक, सामाजिक और प्रशासनिक विफलता बताया और कहा कि “बेटी बचाओ” का नारा अब खोखला साबित हो रहा है। पुलिस की जांच अधूरी है, कई मामलों में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि मानव तस्करी, घरेलू हिंसा और बलात्कार जैसे अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि भाजपा सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष करेगी। पटवारी ने जनता से बदलाव की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई में पूरी ताकत से साथ है।
