इंदौर:खजराना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करते हुए एक आदतन अपराधी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी इमरान गौरी, निवासी खजराना, बिना नंबर की कार में अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर जा रहा था. पुलिस ने स्टार चौराहे के पास से उसे धरदबोचा.थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इमरान गौरी अवैध शराब के कारोबार में लिप्त है.
इसी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया. तलाशी में उसके वाहन से 86 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की गई. इमरान गौरी कोई नया चेहरा नहीं है. वह पहले भी एमडी ड्रग्स की तस्करी में पकड़ा जा चुका है और जेल की सजा काट चुका है. जेल से छूटने के बाद उसने फिर से गैरकानूनी गतिविधियों में खुद को सक्रिय कर लिया. आरोपी इमरान गौरी के खिलाफ पहले से 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें अवैध वसूली, अतिक्रमण और अब अवैध शराब तस्करी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं. पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन सहित शराब जब्त कर ली है.
