बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को बैतूल जिले के भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र के कुकरू स्थित बूथ क्रमांक 318 पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। इस अवसर पर जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘स्मरण पखवाड़ा’ कार्यक्रम के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान से जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग और मुकुटमणि बना है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके संघर्ष के कारण ही पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बना रहा।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जम्मू-कश्मीर में लागू अलग व्यवस्था का डॉ. मुखर्जी ने विरोध किया और ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में धारा-370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को पूरा किया गया।
डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में राजगढ़ जिले के ब्यावरा की महिलाओं के पर्यावरण संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं ने प्लास्टिक कचरे को समस्या नहीं, बल्कि समाधान का माध्यम बनाया है। उन्होंने लोगों से आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने और मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को अपनाने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों, त्याग और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में ब्यावरा की महिलाओं के प्लास्टिक पुनर्चक्रण अभियान की प्रशंसा की है। महिलाओं की इस पहल से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता का संदेश पूरे देश तक पहुंचा है।
कुकरू सहित बैतूल को पर्यटन विकास की सौगात
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल प्रवास के दौरान जिले को कई विकास कार्यों की सौगात दी है। कुकरू के सनराइज और सनसेट प्वाइंट को करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। चिखलदरा, मेलघाट और मुक्तागिरी को जोड़कर पर्यटन सर्किट विकसित करने की योजना बनाई जाएगी।
इसके अलावा कुकरू में जल समस्या के समाधान के लिए जल टैंक और सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की गई है। स्थानीय उत्पादों को ‘कुकरू ब्रांड’ के रूप में पहचान दिलाने और कॉफी व डेयरी उत्पादों के विकास पर भी कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष पद्मश्री मोहन नागर, विधायक महेंद्र सिंह चौहान सहित भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
