
इटारसी।राजस्थान में स्कूल भवन की छत गिरने की घटना के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने सभी शासकीय स्कूल भवनों के निरीक्षण के निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में केसला ब्लॉक की शिक्षा अधिकारी श्रीमती आशा मौर्य ने आज शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान हर्रापुरा शाला भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर पाई गई, जिसे ग्रामीणों के कथन पर तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं एक कक्ष में शिक्षक शंशाक बेले सोते हुए मिले, जबकि शिक्षक स्वदेश प्रधान बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। साथ ही बच्चों को मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा था।
बीईओ आशा मौर्य ने कहा कि लापरवाह शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी और वरिष्ठ अधिकारियों को वेतन रोकने के लिए पत्र लिखा जाएगा। साथ ही जनशिक्षक रामेश्वर काजले को पद से हटाने की अनुशंसा की जाएगी, क्योंकि उन्होंने भवन की वास्तविक स्थिति को छिपाया था। आगामी दिनों में अन्य शासकीय विद्यालयों का भी निरीक्षण किया जाएगा और विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर वैकल्पिक भवन (कॉरिडोर) में कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
