विश्व रिकॉर्ड: इंदौर में एक साथ 85 हजार लोगों ने ली नशामुक्ति की ई-शपथ

इंदौर. नशे के खिलाफ जनजागृति के लिए चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी” के तहत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने सोमवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. शहर में एक साथ 85,003 लोगों ने ऑनलाइन जुड़कर नशे के खिलाफ ई-शपथ ली। यह आयोजन वर्ल्ड रिकॉर्ड के रूप में दर्ज होने जा रहा है.

यह आयोजन इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में हुआ जो पलासिया स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित किया गया था. जहां से पुलिस कमिश्नर ने ज़ूम के ज़रिए शहर के 168 संस्थानों से जुड़े छात्र-छात्राओं, नागरिकों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, संस्थानों व कॉरपोरेट ऑफिस के स्टाफ को एक साथ नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रशासन/वित्त अमित सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध/मुख्यालय मनोज श्रीवास्तव सहित सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी व अन्य स्टाफ मौजूद रहा. सभी ने एक स्वर में नशे के खिलाफ लड़ाई में सहभागी बनने का संकल्प लिया. ई-शपथ लेने वालों में स्कूल-कॉलेजों के छात्र, कोचिंग संस्थानों, निजी व सरकारी दफ्तरों, पुलिस थानों व कार्यालयों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए. वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन की प्रतिनिधि अपूर्वा मेनन भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं. उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड की पुष्टि के बाद इंदौर पुलिस को प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा. इस अभूतपूर्व भागीदारी पर पुलिस कमिश्नर सिंह ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि समाज को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने में जनसहयोग ही सबसे बड़ी ताकत है. पुलिस का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा.

Next Post

ग्राम समिति से संगठन की मजबूती संभव, किसान हित में कार्य करें कार्यकर्ता

Mon Jul 28 , 2025
नर्मदापुरम।रामपुर के राधाकृष्ण मंदिर में भारतीय किसान संघ का तहसील स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया गया, जिसमें संगठन की रीति-नीति, कार्यशैली और आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय किसान संघ का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रवादी सोच के साथ […]

You May Like