
ग्वालियर, श्री दंदरौआ धाम हनुमान मंदिर, भिंड में विराजित डॉ. हनुमान जी के आशीर्वाद एवं श्री दंदरौआ धाम के पूर्व महंत बाबा के प्रपौत्र आचार्य श्री हरिओम थापक के मार्गदर्शन में आज रविवार को गौ सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हुरावली हनुमान मंदिर से किया गया। इस अवसर पर गौ सेवा संकल्प में सहभागी गौ भक्तों की टीम ने गौ माता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लेते हुए अभियान की शुरुआत की।
अभियान के प्रथम चरण में 150 गौमाता जो कि डीवी सिटी रोड पर बैठी निराश्रित गौ माता की सेवा की गई। गौ भक्तों द्वारा गौ माता को रोटी खिलाई गई तथा रात्रि के समय सड़क पर बैठे रहने वाली गौ माता को दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उनके गले में रेडियम की पट्टियां लगाई गईं। रेडियम पट्टियों के माध्यम से वाहन चालकों को अंधेरे में सड़क पर मौजूद गौ माता दूर से दिखाई दे सकेंगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में सहायता मिलेगी।
*हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर गौ माता की सुरक्षा का बनेगा जनअभियान*
गौ सेवा संकल्प के अंतर्गत केवल गौ माता को भोजन कराने तक सीमित न रहते हुए उनकी सुरक्षा और संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अभियान के माध्यम से हाईवे एवं एक्सप्रेस-वे पर रात्रि के समय बैठी गौ माता को दुर्घटनाओं से बचाने के लिए रेडियम पट्टे पहनाने, उन्हें पॉलीथीन खाने से बचाने तथा गो-ग्रास के प्रति समाज को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।
गौ भक्तों द्वारा लोगों से अपील की जाएगी कि घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले खाद्य पदार्थों को पॉलीथीन में भरकर सड़क पर न फेंकें, क्योंकि पॉलीथीन खाने से गौ माता के जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न होता है। इसके स्थान पर गौ माता के लिए गुड़, हरी घास, रोटी एवं अन्य उपयुक्त आहार उपलब्ध कराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
*हर माह प्रथम रविवार को चलेगा गौ सेवा अभियान*
आयोजकों के अनुसार यह पुण्य संकल्प डॉ. हनुमान जी के संरक्षण एवं आशीर्वाद से निरंतर जारी रहेगा। प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को गौ भक्तों एवं समाज के सहयोग से गौ सेवा अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान गौ माता की सेवा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा, उपचार, भोजन एवं संरक्षण के लिए आवश्यक गतिविधियां की जाएंगी।
इस अवसर पर गौ भक्तों ने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। यदि प्रत्येक परिवार प्रतिदिन एक रोटी गौ माता के लिए निकालने तथा सड़क पर पॉलीथीन न फेंकने का संकल्प ले, तो गौ माता के संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।
*एक रोटी गौ माता के नाम, एक संकल्प गौ माता की सुरक्षा के नाम*
गौ सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि वे इस सेवा कार्य से जुड़ें और अपने आसपास की निराश्रित गौ माता की सेवा एवं सुरक्षा में सहभागी बनें। विशेष रूप से वाहन चालकों से अपील की गई कि रात्रि में हाईवे, एक्सप्रेस-वे और शहर की सड़कों पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें तथा सड़क पर मौजूद गौ माता की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
गौ भक्तों ने संकल्प लिया कि सेवा की यह भावना निरंतर आगे बढ़ेगी और जन-जन की सहभागिता से ऐसा वातावरण बनाया जाएगा, जिसमें गौ माता को भोजन भी मिले, सम्मान भी मिले और सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा भी।
