कवर्धा 25 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रविवार सुबह कोरबा से कवर्धा की ओर आ रही तेज रफ्तार यात्री बस पंडरिया थाना इलाके के किशुनगढ़ में बेकाबू होकर पलट गई जिससे 20 से 25 लोग घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी और वो किशुनगढ़ के पास चालक ने बस पर से अपना नियंत्रण खो दिया जिससे बस सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। हादसे के वक्त बड़ी संख्या में स्थानीय लोग गाड़ी में सवार रहे. कई मुसाफिरों को गंभीर चोटें भी आई हैं।
यह दुर्घटना उस वक्त हुयी जब गांव के लोग खेतों पर जाने की तैयारी कर रहे थे। गांव वालों ने फौरन लोगों को बस से निकालने में मदद की और उन्हें अस्पताल भी पहुंचाया।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पंडरिया पुलिस भी एंबुलेंस के साथ पहुंच गई। घायलों को पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पंडरिया थाना प्रभारी नितिन तिवारी ने बताया कि यात्री बस कोरबा से कवर्धा जा रही थी। किशुनगढ़ के पास बस बेकाबू हो गई और खेत में पलट गई। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मेडिकल के बाद सभी लोगों के बयान लिए जाएंगे। हादसा कैसे हुआ इसका भी पता लगाया जाएगा।
