
सिंगरौली। बरगवां क्षेत्र के पड़री गांव में बीते दो दिनों से बिजली बंद रहने के कारण आम नागरिकों और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी और अंधेरे ने ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग की लापरवाही बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल एक छोटी सी केबल जलने के कारण आपूर्ति ठप है, पर लाइनमैन ड्यूटी पर नहीं रहते और न ही कोई अधिकारी समाधान के लिए आगे आ रहा है। ग्रामीणों ने 1912 पर भी कई बार शिकायत की, पर कोई असर नहीं हुआ।
विभाग की कार्यप्रणाली से उपभोक्ता नाराज हैं और 1912 नंबर अब केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। शिकायतें दर्ज होने के बावजूद समाधान नहीं मिल रहा। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।
