
तेंदूखेड़ा/दमोह. समीपस्थ ग्राम सेहरी तेंदूखेड़ा में सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है. यहां पर महिला हल्लीबाई के क्लच वायर से हाथ व मुंह बांधकर जिंदा जला दिया गया. महिला के शरीर पर लगी आग से पूरा घर भी चपेट में आकर खाक हो गया. आगजनी की खबर किसी और नहीं बल्कि बेटे संतोष ने ही लोगों को दी, ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, इसके बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया. इस घटनाक्रम में पुलिस को बेटे संतोष पर ही संदेह है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम सेहरी तेंदूखेड़ा में हल्लीबाई उम्र 60 वर्ष अपने बेटे संतोष के साथ घर में अकेले रहती है. बीती रात 12 बजे के लगभग घर में अचानक आग लग गई, जिसकी लपटें देख आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए, जिन्हे बेटे संतोष ने बताया कि घर में अचानक आग लग गई है, मां अंदर ही है. गांव के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन कच्चे मकान में लगी आग विकराल रुप धारण कर चुकी थी. आग की खबर मिलते फायर बिग्रेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया.
रविवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों मदद से मलबा हटवाया तो महिला जली हुई मृत हालत में मिली, जिनका मुंह व हाथ क्लच वायर से बंधे थे. पुलिस का कहना है कि महिला को बांधकर जिंदा आग के हवाले किया गया है. घटना के वक्त उनका बेटा संतोष भी घर में था जो सकुशल बाहर आ गया. पुलिस को घटनाक्रम में बेटे पर ही संदेह है जिसे हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरु कर दी है. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचा दिया गया है. पुलिस को पूछताछ में यह भी पता चला है कि हल्लीबाई की गांव में खेती है जिससे परिवार का भरण पोषण होता रहा.
