
जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत गौर चौकी सालीवाड़ा स्थित गौर नदी में रविवार शाम नहाने गई एक महिला की अपनी 10 साल की मासूम बेटी के सामने ही डूबने से मौत हो गई। महिला अपने मायके आई हुई थी और शाम को बेटी के साथ नदी पर गई थी।
गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे के अनुसार रंजीता भूमिया पति करिया भूमिया टेमर भीटा चंडी मोहल्ला की कटिघाट स्थित अपने मायके आई हुई थी। रविवार की शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी 10 वर्षीय बेटी को साथ लेकर सालीवाड़ा स्थित गौर नदी में नहाने पहुँची थी।
नदी के घाट पर नहाते समय अचानक रंजीता का पैर फिसल गया। इससे पहले कि वह खुद को संभाल पाती, वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। अपनी माँ को आँखों के सामने डूबता देख मासूम बेटी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। गौर चौकी पुलिस ने गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया। काफी तलाश के बाद गोताखोरों ने रंजीता के शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अचानक हुई घटना से मायके और ससुराल, दोनों पक्षों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।
