
सौसर। लोधीखेड़ा पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए रायसोनी कॉलेज के पास एटीएम काटने की योजना बना रहे पांच बदमाशों को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता पाई है। पकड़े गए आरोपी हरियाणा के नूह जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग आठ लाख तीस हजार रुपए कीमत का मशरूका जब्त किया है। कार्रवाई लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले के नेतृत्व में की गई। एएसपी नीरज सोनी ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो टीमें गठित कर सुनसान इलाके में घेराबंदी की। इसमें वसीम, फईमुद्दीन, अरबाज, हामिद और तालीम को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने एटीएम काटकर रकम लूटने की योजना स्वीकार की। इनके पास से मारूती ब्रेजा कार, गैस सिलेंडर, देशी कट्टा, धारदार हथियार और अन्य उपकरण बरामद हुए। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के निरीक्षक मर्सकोले, उनि. लेखराम पहाड़े, सुभाष भलावी समेत कई जवानों का अहम योगदान रहा। पुलिस ने समय रहते इस गिरोह को पकड़कर बड़ी वारदात को टाल दिया।
