
रतलाम। इंदौर आयकर विभाग की एक विशेष टीम 10 वाहनों में रतलाम पहुंची। टीम ने प्रसिद्ध टैक्स व जीएसटी सलाहकार के घर और ऑफिस पर आयकर छापेमारी की। टीम को करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका लग रही है।
सोमवार सुबह करीब 10 वाहनों में सवार एक दर्जन से अधिक अधिकारी सुबह 7 बजे सीए सुरेश गुप्ता के बैंक कॉलोनी स्थित निवास पर पहुंचे। साथ ही टीम उनके न्यू रोड स्थित ऑफिस में पहुंचकर समांतर कार्रवाई की। टीम ने आयकर अधिकारी गुप्ता के घर और ऑफिस के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। घर के मुख्य द्वार को अंदर से बंद रखा गया है, जबकि बाहर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। किसी भी बाहरी व्यक्ति को आने-जाने पर प्रतिबंध लगाया। सूत्रों के अनुसार इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य फर्जी टीडीएस रिटर्न दाखिल कर टैक्स रिफंड दिलवाने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ करना है। बताया गया है कि ये सीए और उनसे जुड़ी फर्में 20 प्रतिशत या उससे अधिक कमीशन लेकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए रिफंड दिलाते थे। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी के प्रमाण मिले हैं। सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की जानकारी दी जाएगी।
फाईलें और दस्तावेज जब्त किए
सूत्रों के अनुसार टीम ने कार्रवाई करते हुए न्यू रोड स्थित सुरेश गुप्ता एंड कंपनी के कार्यालय में भी सघन छानबीन हुई। यहां बड़ी संख्या में टैक्स रिटर्न से संबंधित फाइलें, टीडीएस दस्तावेज और कई संदिग्ध रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। टीम डिजिटल डाटा भी खंगाल रही है।
