शिवपुरी: जिले के इंदार थाना अंतर्गत इमलाउदी गांव में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक कच्चा मकान अचानक धराशायी हो गया, जिसमें दबकर 5 वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बच्ची घर के अंदर सो रही थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमलाउदी निवासी राजेन्द्र जाटव सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने परिवार के साथ घर के बाहर चाय पी रहे थे।
उसी समय उनका कच्चा मकान भरभरा कर गिर पड़ा। भीतर सो रही उनकी बेटी सलोनी मलबे के नीचे दब गई। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवार को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका था। इसके चलते राजेन्द्र जाटव अपने परिवार के साथ जर्जर कच्चे मकान में ही रहने को मजबूर था। ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर पक्के मकान की सुविधा मिल जाती, तो मासूम सलोनी की जान बचाई जा सकती थी।
