सोलो, (वार्ता) भारत की युवा शटलर तन्वी शर्मा और वेन्नाला कलागोटला ने इंडोनेशिया के सोलो में आयोजित बैडमिंटन एशिया जूनियर्स व्यक्तिगत चैंपियनशिप 2025 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
दूसरी वरीयता प्राप्त तन्वी ने महिला एकल में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए इंडोनेशिया की पांचवीं वरीयता प्राप्त थलिता रामाधनी विर्यावान को 35 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 21-19, 21-14 से हराया। तन्वी पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही हैं और अब तक उन्होंने सभी जीत सीधे गेमों में हासिल की हैं।
उनके साथ अंतिम चार में वेन्नाला कलागोटला भी हैं, जिन्होंने 58 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में थाईलैंड की जन्यापोर्न मीपंथोंग को कड़ी चुनौती दी। वेन्नाला ने कुछ तेज रैलियों के साथ पहला गेम 21-18 से जीत लिया, लेकिन जन्यापोर्न ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-17 से जीत लिया, जिससे मैच निर्णायक गेम में चला गया। आखिरी गेम में, वेन्नाला ने अंतिम क्षणों में बढ़त बना ली और अंततः 21-18, 17-21, 21-17 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
दोनों भारतीय अब सेमीफाइनल में चीनी प्रतिद्वंद्वियों से भिड़ेंगी। तन्वी का सामना आठवीं वरीयता प्राप्त यिन यी किंग से होगा और वेन्नाला का सामना लियू सी या से होगा।
