राइन-रुहर (जर्मनी) (वार्ता) भारत के देव कुमार मीणा ने शुक्रवार को एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 के क्वालिफाइंग राउंड में पुरुषों का पोल वॉल्ट राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया।
आज यहां देव कुमार मीणा ने इस साल कोच्चि में हुए फेडरेशन कप में दर्ज किए अपने 5.35 मीटर के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए, अपने दूसरे प्रयास में 5.40 मीटर का नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
यह इस साल 20 वर्षीय मीणा ने तीसरी बार भारतीय पोल वॉल्ट राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा है। उन्होंने 2025 के राष्ट्रीय खेल में 5.32 मीटर की ऊंचाई पार करने के साथ यह रिकॉर्ड अपने नाम किया था, जो 2022 में सुब्रमणि शिवा की 5.31 मीटर जंप के साथ उनके नाम दर्ज था।
एशियन अंडर-20 कांस्य पदक विजेता मीणा वर्तमान में भारत के सबसे युवा एथलेटिक्स राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक हैं। क्वालिफायर्स के ग्रुप ए में शामिल मीणा ने 5.05 मीटर और 5.25 मीटर की जंप अपने पहले प्रयास में ही पार कर ली, फिर अपने दूसरे प्रयास में उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ा।
इस प्रदर्शन ने उन्हें अपने ग्रुप में पांचवां स्थान हासिल कर रविवार को होने वाले पुरुषों के पोल वॉल्ट फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। मेडल राउंड के लिए कुल 12 एथलीट क्वालिफाई हुए हैं।
जर्मनी में वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में भारत ने अब तक पांच पदक जीते हैं।
