मैनचेस्टर, 25 जुलाई (वार्ता) इंग्लैंड की रन मशीन जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने में भारत के राहुल द्रविड़, दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
जो रूट ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट के तीसरे दिन शुक्रवार को चायकाल तक 121 रन की अपनी नाबाद शतकीय पारी के दौरान पोंटिंग को पीछे छोड़ा और दूसरे स्थान पर पहुंच गए। रूट के 157वें टेस्ट में 13380 रन हो गए हैं और उन्होंने भारत के राहुल द्रविड़ (164 टेस्ट, 13288), कैलिस (166 टेस्ट, 13289) और पोंटिंग (168 टेस्ट, 13378) को पीछे छोड़ दिया है।
रूट से आगे अब सिर्फ भारत के सचिन तेंदुलकर (200 टेस्ट, 15921) हैं।
आईसीसी हॉल ऑफ फेमर रिकी पोंटिंग का इससे पहले कहना था कि रूट मैनचेस्टर टेस्ट में उनके रनों की संख्या को पार करने की राह पर हैं। पोंटिंग ने कहा, ”यह बल्लेबाजी के लिए एक शानदार दिन है और जो के लिए यह एक शानदार करियर रहा है। कैसे वह एक ऐसे खिलाड़ी से, जो पचास से ज्यादा रन नहीं बना पाता था, शतकों तक पहुंच गया है। अब ऐसा लगता है कि हर बार जब वह पचास रन बनाता है, तो आप उसे शतक या एक बड़ा शतक बनाने के लिए चिह्नित कर देते हैं।”
पोंटिंग ने कहा, ”सिर्फ़ कुछ आंकड़ों पर गौर करें, 37 टेस्ट शतक, 13000 रन, अब तक का कितना शानदार करियर रहा है।”
पोंटिंग ने यह भी कहा कि रूट से और भी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है, और इंग्लैंड का यह करिश्माई खिलाड़ी इस प्रारूप में सर्वकालिक रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ सकता है।
उन्होंने कहा,”अभी भी बहुत कुछ करना बाकी है। वह क्या है, 35 साल का? ऐसा नहीं लगता कि खेल के प्रति उसका जुनून कहीं कम हो रहा है।”
पोंटिंग ने आगे कहा, ”पिछले कुछ वर्षों में रन बनाने का उनका जुनून शायद और भी बढ़ गया है। क्या वह सचिन का पीछा कर पाएंगे? देखते हैं। हो सकता है कि वह ऐसा कर भी लें।”
