
*भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी स्व. प्रभात झा की प्रथम पुण्यतिथि पर वरिष्ठ नेताओं ने अर्पित की भाव्यांजलि*
रविन्द्र सिंह चौहान
ग्वालियर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी स्वर्गीय प्रभात झा की प्रथम पुण्यतिथि पर जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें सादर नमन किया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने स्वर्गीय प्रभात झा के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर पुस्तक का विमोचन किया। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रभात जी ने प्रतिबद्व कार्यकर्ता रूप में अपनी भूमिका निभाई। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि पार्टी के उत्थान में स्वर्गीय प्रभात झा का योगदान अविस्मरणीय है। इस अवसर पर प्रभातजी के सुपुत्र तुष्मुल झा एवं अयत्न झा ने अपने पूज्य पिताश्री को सादर नमन करते हुए उनके दिखाए पथ पर चलकर जनसेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प दोहराया।
मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रभात जी अपनी बुद्धिमत्ता से विषय का प्रतिपादन ऐसा करते थे कि उस विचार को दिशा मिलती थी। इसी प्रतिभा के कारण वह बहुत ही कम समय में वह राज्यसभा में बहुत अच्छे वक्ता के रूप में जाने जाते थे। वह पार्टी के पदाधिकारी के रूप में संवाद और संपर्क प्रमुख रहे, तब लगातार उनकी यह कोशिश रहती थी कि जो विषय वस्तु मेरे पास है और जो विपक्ष में हमारे लिए उपयोगी है या सत्ता पक्ष में हमारे लिए उपयोगी है। उस विषय वस्तु से कार्यकर्ता को दक्ष किया जाए।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रभात जी का सम्पूर्ण जीवन संगठन के कार्यों एवं समाज सेवा हेतु समर्पित रहा है। उन्होंने अपने व्यक्तित्व से अमिट छाप छोड़ी है। राजनीति, पार्टी के उत्थान में उनका योगदान अविस्मरणीय है। संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य किया।
*प्रभात जी ने संघ के संस्कारों को अपने जीवन में उतारा- इंदापुरकर*
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर ने कहा कि प्रभात झा ने संघ के संस्कारों को अपने जीवन में उतारने का काम किया। उन्होंने संघ के वरिष्ठ कार्यकतार्ओं की इच्छा को आदेश मानकर अपने आप को राष्ट्र निर्माण में झोंक दिया। ऐसे बहुत से कार्य जो प्रतिकूल परिस्थिति में लगभग कठिन लगते थे, प्रभात जी ने सबको साथ में लेकर उन कार्यों को करके दिखाया।
*स्वर्गीय प्रभात जी प्रतिशोध की राजनीति से दूर रहे – पवैया*
महाराष्ट्र भाजपा के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा कि प्रभात जी का जीवन भाव की कोख से निकालकर संघर्ष की भट्टी में जो तपता है और सोना नहीं कुंदन बन जाता है, ऐसे ही उनके व्यक्तित्व का पूरा निर्माण हुआ है। प्रभात जी और मेरा 46 वर्ष का साथ रहा है। यह रिश्ता भाई, गुरु भाई और पत्रकार के रूप में रहा है। राजनेता के रूप में उनकी भूमिकाएं बदलती रही परंतु पारिवारिक रिश्ता कभी नहीं बदला।
*प्रभात सच्चे जनसेवक थे- मनोज तिवारी*
इस अवसर पर दिल्ली सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि प्रभात झा सच्चे जनसेवक थे। पत्रकारिता क्षेत्र के पुरोधा थे उनके साथ मुझे काम करने का मौका मिला जब वह दिल्ली प्रदेश के प्रभारी बने। जब कभी चर्चा होती थी तो बिहार के दरभंगा से निकलकर देशभर में प्रभात जी ने नाम कमाया और अपनी अमिट छाप छोड़ी। सांसद भारतसिंह कुशवाह ने भी भावपूर्ण शब्दांजलि अर्पित की।
*भाजपा का मीडिया विभाग प्रभातजी के नाम से जाना जाता है- पाराशर*
भाजपा के प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर ने कहा कि प्रभात जी का पुण्य स्मरण करना समाज की जिम्मेदारी है। कभी सोचा नहीं था कि समाज के लिए काम करने वाले प्रभात जी का स्मरण हमें इतनी जल्दी करना पड़ेगा। वे अपनी चिंता से ज्यादा अपनों की चिंता ज्यादा करते थे।
*प्रभात जी ने खबरों के साथ कभी समझौता नहीं किया-डॉ. गोविंद सिंह*
पूर्व मंत्री डॉ. गोंविद सिंह ने कहा कि प्रभात जी ने क्षेत्र व प्रदेश के लिए जो भी कार्य किए हैं। उनके दोनों पुत्र उनके कामों को और आगे बढ़ाएं ऐसी मैं ईश्वर से कामना करता हूं। भले ही हमारी विचारधारा अलग थीं लेकिन उन्होंने खबरों के साथ कभी समझौता नहीं किया। जनता के हित की बात है तो वे समाचार का प्रकाशन हमेशा करते थे।
भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि उनको किताब पढ़ने का बहुत शौक था। 6 दिसंबर 92 को जब मैं कारसेवा में घायल हो गया, तब वे मेरा हालचाल जानने के लिए आये थे।
*अनूप जलोटा ने सुमधुर भजनों से प्रभातजी को दी श्रद्धांजलि*
इस अवसर पर प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा ने श्रद्धा एवं भक्ति के भावों से सराबोर सुमधुर भजनों की प्रस्तुति जैसे -ऐसी लगी लगन मीरा हो गई मगन, -अच्युतम केशवम, कृष्ण दामोदरम, राम नारायणम , -कौन कहता है भगवान आते नहीं, कोई मीरा के जैसे कोई बुलाता नहीं, -मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जायेंगे राम आएंगे, प्रस्तुत कर स्व. प्रभात जी का श्रद्धांजलि अर्पित की।
इनकी भी रही उपस्थिति…
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऐंदल सिंह कंसाना, लखन पटेल, राकेश शुक्ला, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, शिव मंगल सिंह तोमर, प्रदेश महामंत्री रणवीर रावत, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, आलोक संजर, के.पी.यादव, अशोक अर्गल, पूर्व मंत्रीगण नरोत्तम मिश्रा, अनूप मिश्रा, इमरती देवी, विधायक मोहन सिंह राठौड, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जराती, मुकेश चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, महापौर शोभा सिकरवार, सभापति मनोज तोमर, पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया, मुन्नालाल गोयल, आशुतोष तिवारी, शैलेन्द्र बरुआ, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, चैंबर के अध्यक्ष डॉ प्रवीण अग्रवाल, ग्वालियर जिले के प्रभारी अरुण चतुर्वेदी, अशोक जैन, संभागीय मीडिया प्रभारी राजलखन सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता उदय अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी नवीन चौधरी, अयत्न झा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने किया एवं आभार उनके पुत्र तुष्मुल झा ने व्यक्त किया।
