
सागर। जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरा गौंड में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक गोरेलाल कुर्मी (48) की हत्या मवेशियों की बिक्री को लेकर पैसों के विवाद में की गई थी। आरोपियों खुमान उर्फ रज्जन कुर्मी, उसकी पत्नी सुनीता और बेटा संदीप ने कुल्हाड़ी व डंडों से हमला कर हत्या की थी। विनोद कुर्मी की रिपोर्ट पर धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को कनैरा देव घटिया के पास एक खंडहर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व डंडे जब्त किए गए हैं। चौथा आरोपी अनिल कुर्मी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
