10 रुपए के समोसे का 40 रुपए का बिल

अनूपपुर: अनूपपुर जिले की जैतहरी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बकेली इन दिनों चर्चा में है,वजह 40 रुपए वाला समोसा है। ग्राम पंचायत द्वारा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ग्रामीणों को शामिल कराने के नाम पर बनाए गए नाश्ते के बिल में समोसे की कीमत 40 रुपए दर्शाने का मामला सोशल मीडिया में वायरल हो गया है, जिससे पंचायत स्तर पर भारी हड़कंप मच गया है।
क्या है मामला?
4 जुलाई को कोतमा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ग्रामीणों को ले जाने के लिए पंचायत स्तर पर नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। ग्राम पंचायत बकेली द्वारा पेश किए गए बिल के अनुसार 60 समोसों के लिए 2400 रुपए खर्च किए गए, यानी एक समोसे की कीमत 40 रुपए बताई गई। इसके अतिरिक्त 60 बोतल पानी के लिए 600 रुपए और 60 कप चाय के लिए 600 रुपए का भुगतान दिखाया गया, जिससे कुल नाश्ते का बिल 3600 रुपए बनाया गया।

बिल में नाश्ते की आपूर्ति होटल रामेश्वरम् से दिखाया गया है। जब दुकानदार से संपर्क किया गया तो उसने समोसे की कीमत बाजार दर के अनुसार ही बताने की बात कही, लेकिन बिल में 10 रुपए के समोसे की जगह 40 रुपए की दर पर ओवरराइटिंग कर दी गई है। महत्वपूर्ण बात यह है कि इस फर्जीवाड़े को पंचायत सचिव और सरपंच की स्वीकृति भी प्राप्त है।
जवाब देने से कतरा रहे जिम्मेदार
मामला सामने आने के बाद पंचायत सचिव अमित प्रताप और सरपंच दोनों के मोबाइल या तो बंद आ रहे हैं या व्यस्त बताए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है और पूरे मामले पर संदेह और गहरा हो गया है। गांव के जागरूक नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यह केवल नाश्ते का मामला नहीं, बल्कि प्रशासनिक नैतिकता और पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाएं अब जनसेवा की जगह लूट का साधन बन गई हैं। थोड़ी सी जमीर तो रख लेते, समोसे के लालच में अपनी साख ही गिरा दी।
शहडोल में पहले भी सामने आए थे ऐसे मामले
यह पहली बार नहीं है जब सरकारी कार्यक्रमों के नाम पर फिजूलखर्ची और फर्जीवाड़े की घटनाएं सामने आई हों। शहडोल जिले में जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम के नाम पर 14 किलो ड्राईफ्रूट की खरीद और 4 लीटर पेंट पर 168 मजदूरों की मजदूरी का भुगतान जैसे घोटाले हाल ही में उजागर हुए थे।

Next Post

बागेश्वर धाम टेंट हादसा: पं. धीरेंद्र शास्त्री ने निभाया वादा, मृतक के परिवार को सौंपी 7.68 लाख की चढ़ोत्तरी

Fri Jul 25 , 2025
ग्वालियर: बागेश्वर धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जन्मोत्सव के दौरान एक दुखद हादसा हुआ था। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण धाम में लगा एक टेंट गिर गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के नंदनगर चौरी निवासी श्यामलाल कौशल की मृत्यु हो […]

You May Like