नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रव्यापी स्वैच्छिक स्वच्छता अभियान ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के अंतर्गत, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को नयी दिल्ली स्थित निर्माण भवन और विदेश मंत्रालय भवन के सड़क किनारे सफाई अभियान का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव के साथ मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भागीदारी करते हुए सफ़ाई अभियान चलाया ।
इस स्वच्छता अभियान के तहत स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव भी श्रमदान में शामिल हुए और स्वच्छता गतिविधियों में व्यक्तिगत रूप से भाग लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित किया।
केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रताप राव जाधव ने इस मौक़े पर बोलते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से दो अक्टूबर तक का जो एक पक्ष आता है उसे सरकार की ओर से सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाता है। जिसमें चिकित्सा कैम्प, ब्लड डोनेट शिविर, अस्पतालों पर सफ़ाई अभियान और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में हम सभी आज यहाँ पर निर्माण भवन के बाहर स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। यह सभी कार्यक्रम 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलेगा।

