इंदौर:अशोक नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन से फिसलकर एक महिला यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गई. घटना के बाद मौके पर मौजूद जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. महिला को इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
हादसा उस समय हुआ जब लालगढ़-पुरी एक्सप्रेस अशोक नगर स्टेशन से रवाना हो रही थी. इसी दौरान 30 वर्षीय महिला यात्री, निवासी मैन मार्केट, अलीगढ़ राजस्थान, पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरी. ट्रेन चलने लगी तो वह दोबारा चढ़ने का प्रयास कर रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच की खतरनाक संकरी जगह में फंस गई. मौके पर मौजूद यात्रियों ने तुरंत चैन पुलिंग कर ट्रेन को रोका और शोर मचाया.
सूचना मिलते ही जीआरपी अशोक नगर, आरपीएफ और रेलवे स्टाफ तेजी से मौके पर पहुंचे. इसी दौरान जीआरपी में पदस्थ आरक्षक अभिषेक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बाजार से तुरत रूप से हैमर ड्रिल मशीन मंगवाई. इसके बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक प्लेटफॉर्म को काटना शुरू किया. कुछ ही देर में महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. रेस्क्यू के बाद महिला को प्राथमिक उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया. डॉक्टरों के अनुसार, महिला को सतही चोटें आई हैं और वह अब खतरे से बाहर है.
सतर्कता और ट्रेनिंग का नतीजा
जीआरपी इंचार्ज ने कहा कि, यह हमारे कर्मचारियों की सतर्कता और ट्रेनिंग का नतीजा है कि समय रहते महिला की जान बचाई जा सकी. रेलवे अफसरों ने भी कहा कि यह घटना आपात स्थितियों में विभागीय समन्वय और मानवीय दृष्टिकोण का उत्कृष्ट उदाहरण है
