
परासिया। वेकोलि कर्मचारी अशोक डेहरिया (57) की हार्ट अटैक से मौत के बाद बड़कुही के केंद्रीय चिकित्सालय में गुरुवार को परिजनों ने शव रखकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक की पत्नी ने सीएमओ डॉ. जयश्री राय समेत तीन डॉक्टरों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए चांदामेटा थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
परिजन का आरोप है कि अशोक फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए कई दिनों से अस्पताल के चक्कर काट रहे थे, लेकिन डॉक्टरों द्वारा टालमटोल कर उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। इलाज के लिए नागपुर भी भेजा गया, लेकिन लौटने के बाद भी उसे राहत नहीं मिली। बुधवार को अस्पताल से लौटने के बाद रात में तबियत बिगड़ी और गुरुवार सुबह मौत हो गई।
सूचना मिलने पर विधायक व इंटक अध्यक्ष सोहन बाल्मिक, संगठन के साथ अस्पताल पहुंचे और सीएमओ पर हिटलरशाही का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे पेंच क्षेत्र के महाप्रबंधक अनूप हंजूरा ने जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
