
छिंदवाड़ा। महिला कांग्रेस ने महिलाओं, युवतियों व नाबालिग बेटियों पर बढ़ते अपराधों को लेकर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। रैली राजीव कांग्रेस भवन से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक पहुंची, जहां महिलाओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बरसते पानी में जब अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे, तो महिलाएं गेट पार कर मुख्य परिसर में पहुंचीं। ज्ञापन में महिला कांग्रेस ने कहा कि मप्र में महिला अपराध के मामले देश में सबसे अधिक हैं। भोपाल से हर माह लगभग 70 बच्चे लापता होते हैं, जिनमें अधिकतर बेटियां होती हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर लचर कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए ठोस कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में किरण चौधरी, मनीषा पाल, दीपा यादव सहित अनेक महिला नेत्रियां मौजूद रहीं। ज्ञापन में तीन सूत्रीय मांगें रखी गईं और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई।
