
जबलपुर। भारतीय मानवाधिकार सहकार ट्रस्ट और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को रानीताल फ्लाईओवर पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान फ्लाईओवर से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों को रोका गया और सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक नियमों का पालन करने की अपील की गई। टीम ने विशेष रूप से उन वाहन चालकों को रोककर समझाइश दी जिन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था या जिनकी वाहन नंबर प्लेट अनुपस्थित थी। इसके साथ ही, पीछे बैठे यात्रियों द्वारा हेलमेट न पहनने पर भी कड़ी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए यह अभियान आवश्यक है और लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना ही इसका मुख्य उद्देश्य है।
यातायात पुलिस एवं ट्रस्ट के सदस्यों ने सभी राहगीरों से हेलमेट पहनें, सुरक्षित चलें का संदेश दिया और भविष्य में नियमों का पालन करने की अपील की। अभियान के दौरान आम नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए, ताकि शहर में सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाया जा सके।
