नयी दिल्ली, 05 सितम्बर (वार्ता) केरल कांग्रेस ने बीड़ी पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कम किये जाने को बिहार में चुनावी हथकंडा बताते हुए जो तंज किया उस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हमलावर हो गयी और सियासत के बीच केरल कांग्रेस ने अपने विवादास्पद पोस्ट के लिए माफी मांग ली और पोस्ट को एक्स से हटा लिया।
केरल कांग्रेस ने अपनी इस टिप्पणी पर माफी मांगते हुए कहा “हम देख रहे हैं कि जीएसटी दरों को लेकर मोदी के चुनावी हथकंडे पर हमारे तंज को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। अगर आपको ठेस पहुंची हो तो हमें खेद है।” पार्टी ने अपनी पोस्ट में बताया कि बीड़ी पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटा कर 18 प्रतिशत और सिगरेट पर 28 से बढ़ा कर 40 प्रतिशत कर दी गयी है।
बिहार भाजपा ने सबसे पहले कांग्रेस के इस बयान को ‘घृणित और घटिया सोच’ करार देते हुये कहा कि ‘जब भी कांग्रेस को मौक़ा मिलता है, वह बिहार और बिहारवासियों का अपमान करने से नहीं चूकती।
इंडिया गठबंधन के घटक एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस बारे में पत्रकारों के सवाल पर कहा “जो भी गलत ट्वीट था और इसका हम समर्थन नहीं करते। किसी को भी इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिये और अगर की गयी है, तो माफी जरुर मांगनी चाहिये।”
जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि ‘बी से बीडी ही नहीं, बुद्धि भी होती है, जो कांग्रेस में नहीं है। बी से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता देने पर कांग्रेस को मिर्ची लगती है। कांग्रेस ने न सिर्फ बिहारवासियों का, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास और लोकतंत्र का भी मजाक उड़ाया है। लोक जन शक्ति पार्टी के नेता तथा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान कहा, “ये सिर्फ़ केरल कांग्रेस की सोच नहीं है, ये कांग्रेस पार्टी की सोच है। उन्होंने बिहारियों को बदनाम करने में कभी कोई कसर नहीं छोड़ी…कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से बिहारियों के ख़िलाफ़ रही है…कांग्रेस को जवाब देना होगा कि राजनीतिक फ़ायदे के लिए वो भाषा के मामले में कितना नीचे गिर सकते हैं।”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘बिहार के इस अपमान के लिए राज्य की जनता कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजग) को जवाब देगी।’ कांग्रेस ने जनता को नकार दिया है। इसी हताशा में वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में ऊलजलूल बोलते रहते हैं और हाल में उन्होंने मोदी जी की (स्वर्गीय) माता जी के बारे में अभद्र टिप्पणियां कीं।‘ आज उन्होंने पूरे बिहार को ही अपमानित कर दिया। बिहार की जनता कांग्रेस और आरजेडी से इसका जवाब मांगेगी।”
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुये लिखा है कि, ‘ब से बुद्धिहीन राहुल और बदनीयत कांग्रेस, बिहार के साथ हमेशा बुरा व्यवहार करते हैं। इनकी बर्बादी तय है।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “क्या आप बिहार की तुलना बीड़ी से करेंगे। आप कितना नीचे गिरेंगे। प्रधानमंत्री की माँ का अपमान किया गया; उसके लिए अभी तक कोई माफ़ी नहीं मांगी गई, और अब बिहार और बिहारियों की अस्मिता पर सीधा हमला किया जा रहा है। राहुल गांधी, आप क्या कर रहे हैं?… यह बहुत शर्मनाक है, और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।”
बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा, “बिहार को बदनाम करना और बिहारियों को शर्मिंदा करना कांग्रेस की नीति और चरित्र रहा है। पार्टी और उनके सहयोगियों ने हमेशा यही दुष्प्रचार किया है। हमें बिहारी होने पर गर्व है।”
