छत्तीसगढ़ में संजीवनी 108 एम्बुलेंस चोरी से मचा हड़कंप

अंबिकापुर 22 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई जहां अस्पताल परिसर से संजीवनी 108 सेवा की एक एम्बुलेंस रहस्यमयी ढंग से चोरी हो गई।

चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के कई दिन बाद तक अस्पताल प्रबंधन को इसकी भनक तक नहीं लगी।

जानकारी के अनुसार चोरी की यह वारदात अस्पताल परिसर में हुई जहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं और परिसर में कई सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। बावजूद इसके, इतनी बड़ी गाड़ी का बिना किसी रोकटोक परिसर से निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी अस्पताल परिसर में पूर्व में मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन इस बार चोरों ने सीधे संजीवनी 108 एम्बुलेंस को ही निशाना बना लिया।

अस्पताल प्रबंधन द्वारा कुछ दिनों के बाद मणिपुर थाना पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया,“मणिपुर थाने में जिला अस्पताल से एक एम्बुलेंस गायब होने की सूचना प्राप्त हुई है। जानकारी मिलते ही आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है।”

बहरहाल सरगुजा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है जबकि संजीवनी 108 टीम भी इस मामले में पुलिस के साथ समन्वय कर रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरों ने वाहन को क्यों और किस उद्देश्य से चुराया। पर यह घटना न केवल अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि छत्तीसगढ़ की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता उत्पन्न करती है।

 

Next Post

मेडिकल कॉलेज मार्ग बदहाल जगह-जगह बन गये गड्ढे

Tue Jul 22 , 2025
सिंगरौली।नपानि सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 45 नौगढ़ खलनायक चौराहा से मेडिकल कॉलेज मार्ग पूरी तरीके से गड्ढे में तब्दील हो गई है। आवागमन में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि नौगढ़ से लेकर मेडिकल कॉलेज, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय जाने वाला मार्ग पूरी तरीके […]

You May Like