
जबलपुर। संस्कारधानी के गौरव एवं ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा और शाही सवारी को सुगमतापूर्वक सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पुण्य लाभ दिलाने की दिशा में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के द्वारा विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में रविवार को महापौर द्वारा कांवड़ यात्रा, शाही सवारी यात्रा मार्ग का सघन भ्रमण कर कांवड़ यात्रा समिति के सदस्यों के साथ व्यवस्थाएं देखी और कांवड़ यात्रा के दौरान पूज्य संतगणों और देवतुल्य कांवड़ियों को कोई भी परेशानी न हो इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस अवसर पर महापौर ने बताया कि मॉं नर्मदा के तट गौरीघाट से 35 कि.मी. की दूरी तय करते हुए कांवड़िये कैलाशपति का अभिषेक करने कैलाशधाम पहुॅंचेगें। यह यात्रा सुबह 7 बजे से निकलेगी।कांवड़ यात्रा की तैयारियों के संबंध में महापौर द्वारा गौरीघाट से कैलाशधाम तक 35 कि.मी. का सघन निरीक्षण किया गया। उन्होंने कांवड़ यात्रा के संबंध में बताया कि इस पावन यात्रा में भगवान भोलेनाथ का आर्शीवाद लेने लगभग 1 लाख से अधिक श्रद्धालुगण शामिल होगें। इसके लिए महापौर ने यात्रा के दौरान मार्ग के आस-पास यातायात व्यवस्थित करने बेरीकेटिंग व्यवस्था उचित साफ-सफाई व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा करने अधिकारियों को निर्देश दिये।
इस दौरान शिव यादव, नीलेश रावल, क्षेत्रीय पार्षद शारदा बाई कुशवाहा एवं नगर निगम के अधिकारियों क्रमशः अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उद्यान अधिकारी आलोक शुक्ला, संभागीय अधिकारी पवन श्रीवास्तव, अतिक्रमण विभाग के दल प्रभारी लक्ष्मण कोरी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक वैभव तिवारी आदि मौजूद थे।
