राशन माफिया: रात में पकड़ाए चावल से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली, सुपुर्दगी के बाद हो गायब

अशोकनगर।जिले के बहादुरपुर में लम्बे समय से सरकारी चावल की कालाबाजारी करने वाला एक माफिया शुक्रवार शनिवार को प्रशासन पर एक चूक के कारण भारी पड़ गया। 23 क्विंटल चावल पकड़ने के बाद भी प्रशासन द्वारा कार्रवाई के लिए परेशान होना पड़ा।

दरअसल, शुक्रवार रात को मुखबिर की सूचना पर नायब तहसीलदार कैलाश मालवीय और पटवारी लोकेंद्र शर्मा की टीम में नेशनल हाइवे पर सुमेर गांव में जॉन डियर ट्रैक्टर और ट्रॉली को रोककर जांच की तो उसमें 23 क्विंटल चावल पाया गया। ट्रैक्टर ट्रॉली को बहादुरपुर पुलिस थाने में लाया गया किंतु करीब एक घंटे तक थाना परिसर में ट्रैक्टर रखे रहने के बाद भी प्रशासन द्वारा न तो चावल के सैंपल लिए गए और न ही थाने में ट्रैक्टर ट्रॉली व चावल की सुपुर्दगी दी गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने सुपुर्दगी स्वयं ट्रैक्टर मालिक को दे दी और कार्रवाई के लिए शनिवार का दिन नियत कर दिया किन्तु शनिवार को जब टीम खाद्य आपूर्ति विभाग के साथ पहुंची तो ट्रैक्टर मालिक के पास न ट्रैक्टर मिला और न ही चावल। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने कई जगह कैमरे चेक किए, जिनमें रात बारह बजकर 45 मिनट पर ट्रैक्टर ट्रॉली मुंगावली को ओर जाते हुए और एक बजकर 35 मिनट पर खाली ट्रॉली के साथ आते हुए दिखाई दिए हैं। ट्रॉली में रखा चावल कहां है प्रशासन इसका पता नहीं कर पाया है।

पटवारी को दी धमकी, तुम्हारी नौकरी खा जायेंगे

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की चेतावनी के बाद भी राशन माफिया के हौसले कितने बुलंद है, इसका अंदाजा बहादुरपुर में हुई घटना के बाद लगाया जा सकता है। जब तहसीलदार और पटवारी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ रहे थे तो माफिया उनके सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ा रहा था लेकिन जैसे ही उसने सुपुर्दगी के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली गायब किए तो पटवारी लोकेंद्र शर्मा को धमकी देते हुए कहा कि हम तुम्हारी नौकरी खा जाएंगे। पटवारी श्री शर्मा ने इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी है।

इनका कहना है

हमने तहसीलदार से जांच प्रतिवेदन मांगा है। इसके मिलने के बाद सम्बन्धित पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मनीष धनगर, एसडीएम, मुंगावली

Next Post

रेलवे स्टेशन पर लावारिस मिले मासूम,GRP ने किया रेस्क्यू

Sat Jul 19 , 2025
इंदौर. सावन मास की भीड़भाड़ के बीच इंदौर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक मानवीय पहल ने सभी का दिल छू लिया. प्लेटफार्म चेकिंग के दौरान जीआरपी इंदौर की टीम ने दो अबोध बच्चों को लावारिस अवस्था में पाया और तत्परता से रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से उनके पिता के […]

You May Like