
सिंगरौली। गढ़वा पुलिस ने एक कप सिरप सप्लायर महिला को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी महिला को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार करीब दो महीने से जाल बिछाए हुई थी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सियाज केएम ने मीडिया कर्मियों को बताया कि पिछले माह 3 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर ग्राम क्योटली सोन नदी घाट में आरोपी फत्तेलाल बैस पिता कामता प्रसाद बैस उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम घोघरा के कब्जे से 8 नग कोडीन फास्फेट युक्त कप सिरप अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जाते समय पकड़ा गया था। जहां आरोपी ने बताया था कि नशीली कप सिरप रसियन गुप्ता निवासी भरहरी जिला सोनभद्र से खरीदकर बिक्री करने के लिए ले जा रहे थे।
जिससे मामले में आरोपिया रसियन गुप्ता को भी आरोपी बनाया गया । उक्त मामले में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर आरोपी फत्तेलाल बैस को गिरफ्तार किया जाकर न्यायालय पेश किया गया था, जो वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पचौर में निरूद्ध है। एसपी ने आगे बताया कि आरोपिया रसियन गुप्ता को मुखबिर तंत्र लगाकर पता तलास किया जा रहा जो 29 मई को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी के लिए ग्राम भरहरी थाना जुगैल जिला सोनभद्र में रेड कार्यवाही कर उक्त आरोपिया उर्मिला गुप्ता उर्फ रसियन गुप्ता पति दीनदयाल गुप्ता उम्र 34 वर्ष निवासी लीलाडेवा थाना बीजपुर हाल भरहरी थाना जुगैल जिला सोनभद्र दस्तयाब हुई, जिसके कब्जे से 19 सीसी कोडीन फास्फेट युक्त कफ सिरप कीमती करीब 3230 रुपये बरामद हुई, जिसकी जप्ती कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाकर न्यायालय पेश किया गया, जिसे जिला जेल पचौर भेजा गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विद्यावारिधि तिवारी थाना प्रभारी गढ़वा, निरीक्षक सुधेश तिवारी थाना प्रभारी चितरंगी, उनि सीके प्रजापति, उनि सुरेश वर्मा, उनि मनोज सिंह, सउनि रामचरण सतनामी, मआर वर्षा पंथी, अजीत उपाध्याय, जयप्रकाश पाल, अमित यादव, सौरभ सिंह, चंदन हटिला की अहम भूमिका रही।
