पहचान छिपाकर की दोस्ती, अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल 

इंदौर. एक युवती ने वारिश उर्फ वीरू पर हिंदू बनकर उससे दोस्ती करने, होटल में जबरन शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है. युवती का आरोप है कि अपनी वास्तविक पहचान सामने आने के बाद वारिश ने उस पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाया. इनकार करने पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी. शिकायत के आधार पर लसूड़िया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार युवती की वर्ष 2019 में एक परिचित के माध्यम से वारिश से पहचान हुई थी. युवती का आरोप है कि उसने अपना नाम वीरू बताया और उससे मोबाइल नंबर लेकर करीब छह महीने तक दोस्ती के नाम पर बातचीत करता रहा. 8 फरवरी 2020 को वह युवती को फिल्म दिखाने के बहाने बॉम्बे अस्पताल के पीछे स्थित एआर होटल ले गया. आरोप है कि वहां उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और युवती के फोटो वीडियो भी बना लिए. युवती ने इन्हें डिलीट करने के लिए कहा तो आरोपी ने ऐसा करने का भरोसा दिलाया. कुछ समय बाद युवती को जानकारी मिली कि वीरू की शादी किसी अन्य युवती से होने वाली है, इसके बाद उसने उससे बातचीत बंद कर दी. युवती ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में आरोपी ने दोबारा संपर्क किया और अपनी शादी से खुश नहीं होने की बात कहते हुए उससे शादी करने की इच्छा जताई. युवती ने मना किया तो उसने पुराने फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी दी. आरोप है कि वीडियो डिलीट करने के बहाने उसे मिलने बुलाया और फिर उसी होटल में ले गया. युवती ने शिकायत में आरोप लगाया कि होटल में उसे पता चला कि वीरू का वास्तविक नाम वारिश शेख है. उसने पहचान छिपाकर दोस्ती करने पर आपत्ति जताई तो वारिश ने उसे डराया धमकाया और धर्म परिवर्तन कर उससे शादी करने के लिए दबाव बनाया. युवती के इनकार करने पर फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी दी और आरोप है कि उसके साथ दोबारा जबरन शारीरिक संबंध बनाए. युवती ने यह भी बताया कि वह उस समय डर गई थी, इसलिए किसी को कुछ नहीं बताया. बाद में उसने आरोपी से सभी संपर्क खत्म कर लिए. उसका आरोप है कि पिछले करीब छह महीने से वारिश उसे अलग अलग जगह बदनाम करने और फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था. उसे जानकारी मिली कि उसके कुछ फोटो वीडियो वायरल भी किए हैं. कुछ दिन पहले युवती ने पूरी घटना अपनी बहन को बताई. इसके बाद वह बहन के साथ लसूड़िया थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. मामले में थाना प्रभारी राजकुमार यादव का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

बॉक्स…

करणी सेना ने अन्य युवतियों के भी पीड़ित होने का लगाया आरोप…

 

मामले में श्रीराजपूत करणी सेना के पदाधिकारी युवती के साथ लसूड़िया थाने पहुंचे. संगठन का आरोप है कि वारिश ने इसी तरह 7-8 अन्य हिंदू युवतियों को भी अपने जाल में फंसाकर उनके अश्लील फोटो-वीडियो बनाए और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया. करणी सेना ने यह भी आरोप लगाया कि वारिश के चार साथी भी युवतियों को ब्लैकमेल कर उनके साथ गलत करते रहे हैं. संगठन का दावा है कि इन आरोपों से संबंधित फोटो-वीडियो उनके पास उपलब्ध हैं और अन्य युवतियां भी सामने आ रही हैं. पुलिस दर्ज शिकायत के साथ सामने आए अन्य आरोपों और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. युवती के साथ थाने पहुंचने वालों में श्रीराजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सहेंद्र सिंह दीक्षित, रणविजय सिंह तोमर, ऐश्वर्या शर्मा और अमित सिंह तोमर सहित मानसिंह राजापत व अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे.

Next Post

नेपाल त्रासदी: अनूपपुर की दो बेटियां सुरक्षित, सरकार की तत्परता से पोखरा पहुंचीं पलक और पल्लवी

Fri Aug 28 , 2026
अनूपपुर। नेपाल में कुदरत के कहर और भीषण जल त्रासदी के बीच फंसी मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा की दो बेटियां पलक माझी और पल्लवी माझी पूरी तरह सुरक्षित निकाल ली गई हैं। मध्य प्रदेश शासन और केंद्र सरकार के समन्वय तथा त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन की बदौलत दोनों […]

You May Like

मनोरंजन