
जबलपुर। दशहरा मैदान भोपाल में शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में जबलपुर के युवा कृषक तन्मय दास के समन्वित कृषि (इंटीग्रेटेड फार्मिंग) मॉडल को जमकर सराहा गया। राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में किसान कल्याण वर्ष 2026 पर केंद्रित विकास प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया था।प्रदर्शनी में जबलपुर के युवा कृषक तन्मय दास द्वारा प्रदर्शित समन्वित कृषि का जीवंत मॉडल आकर्षण का केंद्र रहा।
राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान युवा तन्मय दास के मॉडल को भी देखा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री शाह ने तन्मय के कृषि में इस नवाचार की तारीफ की।
ज्ञात हो कि विजयनगर जबलपुर निवासी 21 वर्षीय तन्मय दास करीब तीन वर्ष से पाटन विकासखण्ड के ग्राम लम्हेटा में अपनी साढ़े तीन एकड़ कृषि भूमि पर जैविक पद्धति से गेहूँ और धान की फसल लेने के साथ-साथ पशुपालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मत्स्य पालन एवं बत्तख पालन भी कर रहे हैं। तन्मय ने इसी वर्ष जबलपुर इंजिनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है।
