
उज्जैन। 7 सितंबर को ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के पट रात 9.58 बजे ही बंद कर दिए जाएंगे। इसके पहले भगवान महाकाल की शयन आरती की जाएगी। दरअसल इस दिन चंद्र ग्रहण लग रहा है। इसलिए एक दिन के लिए मंदिर की व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि 7 सितम्बर रविवार को चंद्रग्रहण का प्रारम्भ रात्रि 9.58 बजे से होगा। इसको ध्यान में रखते हुए ग्रहण के पूर्व ही शयन आरती रात्रि 9.30 बजे प्रारंभ होगी एवं रात्रि 9.58 पर पट बंद कर दिए जाएंगे। दूसरे दिन 8 सितंबर की अल सुबह ग्रहण समाप्ति के पश्चात भस्मारती के पूर्व मंदिर खुलने पर शुद्धिकरण किया जाएगा। गर्भगृह व नंदीहॉल को कोटितीर्थ के पवित्र जल से धोया जाएगा। इसके बाद आरती-पूजा की जाएगी।
