भोपाल। महावीर जयंती के पूर्व राजधानी भोपाल में जैन समाज की महिलाओं ने भक्ति और श्रद्धा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। शहर के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक आयोजनों का क्रम जारी है। इसी कड़ी में चौक बहू मंडल की महिलाओं द्वारा समीप स्थित कुराना तीर्थ में भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजनों के माध्यम से प्रभु महावीर के जीवन, त्याग और मोक्ष मार्ग पर प्रकाश डाला गया। संगोष्ठी में प्रवक्ता अंशुल जैन ने महावीर स्वामी के सिद्धांतों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में अध्यक्ष श्रीमती नीलू जैन, मंत्री श्रीमती आरती जैन, कोषाध्यक्ष श्रीमती कविता जैन, उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जैन, सांस्कृतिक मंत्री श्रीमती आवृत्ति जैन और श्रीमती प्रियंका जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहीं। आयोजन में महिलाओं ने भक्ति भाव से भाग लेकर आध्यात्मिक माहौल बनाया।
