आग में बेटी का दहेज खाक, मदद को उठे हाथ

सीहोर। बढिय़ाखेड़ी की अंजनी धाम कॉलोनी में आग ने एक गरीब परिवार की खुशियों को राख कर दिया. बेटी के विवाह के लिए पाई-पाई जोड़कर जुटाया गया दहेज का सामान भी जल गया, लेकिन संकट की इस घड़ी में शहरवासी मददगार बनकर आगे आए। उंगली ग्रुप और संडे का सुकून की पहल पर लोगों ने फ्रिज, टीवी, अलमारी, कपड़े, बर्तन और नकद राशि देकर परिवार को संबल दिया. विधायक सुदेश राय ने भी बेटी का विवाह धूमधाम से कराने का भरोसा दिलाया.

अंजनीधाम कालोनी निवासी छगनलाल जैन के घर में सोमवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि ऊपरी मंजिल पर रखा गृहस्थी का सामान और बेटी आदिति के विवाह के लिए जुटाया गया पूरा दहेज जलकर खाक हो गया. छगनलाल और उनकी पत्नी कैटरर के यहां खाना बनाने का काम करते हैं, जबकि उनका बेटा ऑटो चलाता है. परिवार ने मेहनत की कमाई से बेटी की शादी के लिए सामान जुटाया था. आगामी 10 दिसंबर को आदिति का विवाह होना है. इस घटना में करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ.

मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही शहरवासियों ने मदद के हाथ बढ़ाए. सामाजिक संस्था उंगली ग्रुप और संडे का सुकून की पहल पर एक ही दिन में नकद राशि और घरेलू सामान जुटने लगा. किसी ने फ्रिज, टीवी और अलमारी दी तो किसी ने कपड़े, सूटकेस और बर्तन भेंट किए. विधायक सुदेश राय ने भी पीडि़त परिवार से मुलाकात कर बेटी का विवाह धूमधाम से कराने का आश्वासन दिया.

 

 

Next Post

इंदौर-दाहोद रेल लाइनः अगले हफ्ते टीही-धार सेक्शन का होगा सीआरएस निरीक्षण

Wed Oct 28 , 2026
इंदौर:इंदौर-दाहोद रेल लाइन पर यात्री ट्रेनों के संचालन की दिशा में अगले हफ्ते बड़ा कदम उठने जा रहा है. टीही-धार रेल सेक्शन का कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) निरीक्षण प्रस्तावित है. इसके लिए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं.निरीक्षण के दौरान सीआरएस स्पेशल ट्रेन से ट्रैक, पुल-पुलियाओं, सिग्नलिंग और […]

You May Like