
सिंगरौली । नवानगर थाना क्षेत्र के माजनखुर्द के पास आज शनिवार को रेत से भरा एक हाइवा वाहन चालक ने मारूति कार में टक्कर मार दिया था। इस हादसे में कार वाहन में सवार बाल-बाल बच गये थे, लेकिन कार क्षतिग्रस्त हो गई। फरियादी की रिपोर्ट पर नवानगर पुलिस ने हाइवा वाहन जप्त कर चालक के विरूद्ध कार्रवाई की गई है।
इस संबंध में नवानगर टीआई डॉ. अनिल पटेल ने बताया कि आज शनिवार को फरियादी राकेश कुमार पाण्डेय पिता आदित्य प्रसाद पाण्डेय उम्र 53 वर्ष निवासी ग्राम कथुरा थाना माड़ा, हाल निवासी क्वार्टर क्रमांक बी-591, सेक्टर-बी दुद्धिचुआ, चौकी जयंत थाना विंध्यनगर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह 17 मई को अपनी मारुति फ्रोंक्स कार क्रमांक एमपी 66 जेडएच 9743 से अपने परिवार सहित ग्राम कथुरा से दुद्धिचुआ स्थित अपने निवास जा रहे थे। प्रात: लगभग 9:15 बजे जब वे माजन खुर्द के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक नीले-सफेद रंग का टाटा कंपनी का हाइवा, जिस पर कोई पंजीयन नंबर अंकित नहीं था, उसका चालक तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए आया और उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे दुर्घटना घटित हुई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नवानगर में दर्ज कर धारा 281 एवं 125(क) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान सहायक खनिज अधिकारी द्वारा उक्त बिना नंबर के रेत लोड हाइवा के विरुद्ध अवैध रूप से खनिज रेत का परिवहन किए जाने के संबंध में कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त किया गया। जप्त हाइवा को नियमानुसार थाना नवानगर परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। मामले की विवेचना जारी है। उक्त कार्रवाई में सउनि अरविन्द चतुर्वेदी, सउनि अजीत सिंह, प्रआर प्रवीण सिंह, जितेन्द्र सेंगर, आर दिलीप धाकड़ एवं अमृत राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
