ग्वालियर: तिघरा जलाशय का जल स्तर बढ़ने के कारण गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। कलेक्टर रुचिका चौहान एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विवेक कुमार की उपस्थिति में जलाशय के गेट खोलकर जल निकासी की गई। जल निकासी से पूर्व जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा चेतावनी के लिये सायरन बजाए गए और प्रभावित क्षेत्र के लोगों को पूर्व से ही जल निकासी की सूचना देकर सचेत किया गया।
कलेक्टर ने जल निकासी के पश्चात महिदपुर पहुँचकर ग्रामीणों से चर्चा की तथा महिदपुर पुल के ऊपर से निकल रहे पानी के कारण यातायात को रोकने के लिये की गई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने तिघरा जलाशय पहुँचकर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने तिघरा जलाशय में आ रहे वर्षा जल के बारे में भी जानकारी ली तथा सतत निगरानी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि तिघरा जलाशय से पानी छोड़ने के पहले प्रभावित गाँवों के ग्रामीणों को भी सूचित किया जाए तथा उन्हें सचेत रहने का भी आग्रह किया जाए।
