महबूब खान करेंगे अंडर-19 विश्वकप में अफगानिस्तान की कप्तानी

काबुल 09 जनवरी (वार्ता) महबूब खान जिम्बाब्वे और नामीबिया में 15 जनवरी से शुरू होने वाले 50 ओवर के अंडर-19 विश्व कप में अफगानिस्तान की कप्तानी करेंगे। महबूब खान के पास यूथ एकदिवसीय स्तर पर अफगानिस्तान टीम का काफी अनुभव है, उन्होंने 2024 और 2025 एशिया कप टूर्नामेंट में अपने देश की कप्तानी की है और उन्हें एक ऐसी टीम की कमान सौंपी गई है जो स्पिन-बॉलिंग टैलेंट से भरी हुई है। गेंदबाजी आक्रमण में सबसे खास नाम वाहिदुल्लाह जादरान का है। 18 साल के इस ऑफस्पिनर की काबिलियत इस बात से पता चलती है कि वह पिछले वर्ष आईएलटी20 टूर्नामेंट में गल्फ जायंट्स के लिए सीनियर लेवल क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने दिसंबर में आईपीएल नीलामी के लिए भी अपना नाम दिया था, लेकिन उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। वाहिदुल्लाह को लेफ्ट-आर्म स्पिनर जैतुल्लाह शाहीन और लेगस्पिनर हफीज जादरान का साथ मिलेगा।

खालिद अहमदजई के नाम प्रथम श्रेणी शतक है और उजैरउल्लाह नियाजी टीम में सबसे होनहार बल्लेबाजों में से हैं। अफगानिस्तान ने पिछले वर्ष एशिया क्वालीफायर जीतकर अंडर-19 विश्वकप में अपनी जगह पक्की की थी। अफगानिस्तान अंडर-19 विश्व कप ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और वेस्टइंडीज के साथ है। अंडर-19 विश्व कप के लिए अफगानिस्तान टीम :- महबूब खान (कप्तान), खालिद अहमदजई, उस्मान सादात, फैसल खान, उजैरउल्लाह नियाजी, अजीज मिया खिल, नजीफ अमीरी, खातिर स्टानिकजई, नूरिस्तानी उमरजाई, अब्दुल अजीज, सलाम खान, वाहिदुल्लाह जादरान, जैतुल्लाह शाहीन, रोहुल्लाह अरब और हफीजुल्लाह जादरान।

Next Post

58वीं सीनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप के खिताब के लिए उतरेंगी 76 टीमें

Fri Jan 9 , 2026
नयी दिल्ली, 09 जनवरी (वार्ता) 26 राज्यों, 6 केंद्र शासित प्रदेशों, 4 संस्थानों और 3 एसोसिएट सदस्य संघों की 38 पुरुष एवं इतनी ही महिला टीमें 58वीं सीनियर राष्ट्रीय खो-खो चैंपियनशिप (2025-26) के खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। यह चैंपियनशिप 11 से 15 जनवरी तक तेलंगाना के काज़ीपेट में आयोजित […]

You May Like