जबलपुर:वर्तमान में सायबर अपराधी बड़ी मात्रा में पेंशन धारको को कॉल कर ऑनलाईन जीवन प्रमाणपत्र अपडेट करने के नाम पर ठग रहे है। पेंशनधारी को विश्वास में लेने के लिये उनका निजी डाटा सायबर ठगों के पास पहले से ही उपलब्ध रहता है जैसे नियुक्ति दिनांक, सेवानिवृत्ति दिनांक, पीपीओ नम्बर आधार नम्बर, स्थायी पता, ईमेल आई डी, बैंक खाता नम्बर एवं नॉमिनी का नाम आदि।
वे पेंशनधारकों को कॉल करके यह विश्वास दिलाते है कि वे बैंक, पेंशन कार्यालय से बात कर रहे हैं और जीवन प्रमाण पत्र अपडेट किया जाना है जिसके लिये आपके मोबाईल पर आये ओटीपी की आवश्यकता है। जैसे ही पेंशनधारक ओटीपी साझा करता है, सायबर अपराधी उनके जीवन भर की जमा राशि, बैंक खाते से निकाल लेते है।
अनजान कॉल्स से बचें, ऑनलाइन अपडेट नहीं होता पत्र
बैंक, पेंशन कार्यालय कभी भी किसी पेंशनधारक को कॉल करके ओटीपी नहीं मांगता है। जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन अपडेट नहीं किया जाता। सभी पेंशनधारक को स्वयं जाकर ही बैंक, पेंशन कार्यालय से जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराना होता है। अनजान कॉल्स से बचें। कोई भी ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। संदेह होने पर अपने बैंक या सायबर पुलिस से सम्पर्क करें।
