जबलपुर: शहर से कटंगी थाना अंतर्गत निदान फॉल मेें बुधवार शाम पिकनिक मनाने पहुंचे पांच दोस्त हादसे का शिकार हो गए। मस्ती करते समय झरने पर चढ़ते समय पैर फिसलने से एक दोस्त कुंड में गिर गया और देखते ही देखते ओझल हो गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन अंधेरा होने से रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं हो सका। आज युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलेगा।
कटंगी थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय ने बताया कि जबलपुर से पांच दोस्त फोर व्हीलर से निदान फॉल में पिकनिक मनाने आए थे। सभी मस्ती कर रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे सभी झरने पर गए। इस दौरान उनका दोस्त राजेन्द्र झारिया पिता चरण झारिया 33 वर्ष निवासी रानीदुर्गावती वार्ड, पैर फिसलने से नीचे कुंड में गिर गया। उसे ढूंढने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मिला। अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू नहीं हो सका।
30-40 फीट नीचे गिरा
पुलिस के मुताबिक राजेन्द्र झरिया झरने से करीब 30 से 40 फिट नीचे कुंड में गिर गया। हादसा देख दोस्तों ने उसे बचाने चीख पुकार मचाई लेकिन जब तक वह गहरे पानी में चला गया था।
परिजनों में पसरा मातम
हादसे की खबर पुलिस ने जब परिजनों को दी तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ कि घर से हंसी खुशी निकला उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। परिजनों में मातम पसरा हुआ है उनका रो-रोककर बुरा हाल है।
हर साल होते है हादसे
विदित हो कि निदान फॉल में मानसून सीजन में हर साल हादसे होते है। उसके बावजूद भी यहां कोई सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे है और लोग जान को जोखिम में डाल रहे है।
