भुवनेश्वर 16 जुलाई (वार्ता) ओडिशा में कांग्रेस पार्टी ने आज घोषणा की कि वह बालासोर के फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय की 20 वर्षीय बीएड छात्रा सौम्यश्री बिसी की मौत के विरोध में 21 जुलाई से शुरू हो रहे आगामी मानसून सत्र के दौरान संसद का घेराव करेगी।
सौम्याश्री पेट्रोल की बोतल लेकर कॉलेज में घुसी थी और उसने अपने शरीर में आग लगा ली थी। दो दिन बाद एम्स, भुवनेश्वर में 95 प्रतिशत से अधिक जलने के बाद उसकी मौत हो गई।
छात्रा की मौत पर ओडिशा सरकार पर तीखा हमला करते हुए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के इस्तीफे और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है।
कांग्रेस भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में लांबा ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी दो दिनों से सोशल मीडिया पर सौम्यश्री की आत्महत्या पर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। आज सुबह उन्होंने सौम्यश्री के परिवार से भी बात की।
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा था, “ओडिशा में न्याय के लिए लड़ रही बेटी की मौत भाजपा व्यवस्था द्वारा की गई हत्या से कम नहीं है।”
उन्होंने ने इस बात पर ज़ोर दिया कि कांग्रेस विधायकों ने पहले भी ओडिशा विधानसभा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों का मुद्दा उठाया था और महिला सुरक्षा पर चर्चा की मांग की थी, लेकिन उन्हें विधानसभा से निष्कासित कर दिया गया था। अब, फ़कीर मोहन कॉलेज में सौम्यश्री को यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा और हालांकि उन्होंने सभी को सूचित किया, लेकिन सरकार चुप रही।
उन्होंने आरोप लगाया “ओडिशा महिलाओं के लिए मौत का जाल बन गया है।”
प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए सुश्री लांबा ने कहा कि उन्हें इसकी कोई चिंता नहीं है और उन्होंने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर एक भी पंक्ति नहीं लिखी है। राष्ट्रपति ने चिंता व्यक्त की है, लेकिन मुख्यमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री, सांसद और विधायक, जानकारी होने के बावजूद, चुप रहे और कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने ने आगे कहा “इस निष्क्रियता ने लड़की को आत्महत्या करने पर मजबूर कर दिया।”
उन्होंने आगे कहा कि ओडिशा में 40,000 महिलाएं लापता हैं और अगर प्रधानमंत्री उस लड़की से मिलते, तो शायद उसकी जान नहीं जाती।
उन्होंने कहा कि ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मुद्दे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
