ग्वालियर:ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार जल्द ही शिवपुरी जिले में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने जा रही है। इसके लिए बकायदा सर्वे भी पूरा कर लिया गया है। ये संभवत पहली बार होगा कि राज्य में बिजली उत्पादन के लिए इतने बडे पैमाने पर परमाणु ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। प्रदेश में बिजली की मांग लगातार बढ रही है। ऐसे में अब न्यूक्लियर पॉवर प्रोजेक्ट से बिजली की मांग की पूर्ति की जाएगी।
मध्य प्रदेश में बिजली उत्पादन के लिए सरकार विभिन्न स्त्रोतों का उपयोग कर रही है। अब प्रदेश की बिजली की जरूरत को पूरा करने के लिए सोलर के अलावा चार शहरों में न्यूक्लियर पॉवर प्रोजेक्ट लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। शिवपुरी में एनटीपीसी द्वारा ये प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा। इसके लिए जहां एनटीपीसी सक्रिय हो चुकी है वहीं राज्य शासन ने परमाणु परियोजनाओं की स्थापना में सहयोग के लिए समिति का गठन पहले ही कर दिया है। समिति भूमि अधिग्रहण और जमीन खरीदने, जल उपलब्धता व आवंटन के लिए समन्वय का काम देख रही है।
