WCL पाथाखेड़ा में फिर गरमाया विवाद: ठेका श्रमिकों ने लगाया वेतन रोकने और प्रताड़ना का आरोप

सारनी। वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (WCL) के पाथाखेड़ा क्षेत्र की भूमिगत कोयला खदानों में कार्यरत असंगठित ठेका श्रमिकों का आक्रोश एक बार फिर उभर कर सामने आया है। मजदूरों ने ठेकेदारों पर वेतन रोकने, काम से हटाने तथा मानसिक दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक को लिखित शिकायत पत्र सौंपा है।

श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि 9 फरवरी 2026 को आंदोलन समाप्त कराने के लिए प्रबंधन एवं मजदूरों के बीच हुई वार्ता में श्रमिकों की मांगों पर सहमति बनी थी, जिसके बाद मजदूर पुनः कार्य पर लौट गए थे। लेकिन आरोप है कि समझौते के विपरीत अब ठेकेदार मजदूरों को फोन कर ड्यूटी से वापस कर रहे हैं तथा कई कामगारों को कार्यस्थल में प्रवेश तक नहीं दिया जा रहा।

मजदूरों का कहना है कि जनवरी ,फरवरी माह का वेतन अब तक उनके खातों में जमा नहीं हुआ है, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। श्रमिकों ने बताया कि नियमानुसार प्रत्येक माह की 7 तारीख तक भुगतान अनिवार्य है, फिर भी वेतन रोककर मजदूरों पर दबाव बनाया जा रहा है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ श्रमिकों को बिना कारण काम से अलग किया जा रहा है और विरोध करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में असंतोष का वातावरण बन गया है और मजदूरों में रोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

श्रमिकों ने जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया वेतन का भुगतान, कार्यस्थल पर प्रवेश तथा रोजगार सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिवस के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।

Next Post

सूने घर का ताला तोड़कर सोने चांदी के ज़ेवर सहित 40 हजार नकद चोरी 

Fri Feb 13 , 2026
मुलताई। नगर के अम्बेडकर वार्ड में गुरुवार एवं शुक्रवार कि दरम्यानी रात अज्ञात चोरो द्वारा एक सूने घर का ताला तोड़कर सोने चांदी के ज़ेवर सहित 40 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए। घर मालिक महिला ने घटना की लिखित रिपोर्ट थाने में की है।अम्बेडकर वार्ड निवासी गेन्दाबाई उम्र 74 […]

You May Like