इंदौर:वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक पंकज शर्मा ने कहा कि राशन योजना, लाड़ली बहना, आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, स्कूली बच्चों को भोजन जैसी मुफ्त की योजनाओं ने आम जनता में संघर्ष का माद्दा ख़त्म कर दिया है.श्री शर्मा स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के रूबरू कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों से चर्चा कर रहे थे. उन्होंने कहा कि एक दौर था जब देश में छोटे-मोटे मुद्दों पर भी जनता उद्वेलित हो जाती थी.
प्याज की कीमतों, महंगाई, बोफोर्स घोटाले जैसे मुद्दों पर सरकारें बदल दी गईं लेकिन अब जनता ने सड़क पर आकर विरोध जताना छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि इस हालात के लिए सरकार की मुफ्त योजनायें काफी हद तक जिम्मेदार हैं. जब जनता को बहुत कुछ मुफ्त में मिल रहा है तो वह संघर्ष क्यों करें? उन्होंने यह भी कहा कि सस्ता मोबाईल डाटा भी इन हालातों के लिए जिम्मेदार है. दुनिया में जापान के बाद भारत में सस्ता मोबाईल डाटा उपलब्ध है. आम जनता सोशल मीडिया पर ही सुख-दुःख, विरोध, प्रतिक्रिया व्यक्त करके अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेती है.
