इंदौर: शहर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर शिकंजा कसते हुए परदेशीपुरा पुलिस ने एक बड़ी चोरी का खुलासा किया है. पुलिस ने नंदानगर क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से हुई चोरी की वारदात में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक ने चोरी की और दूसरा माल खरीदने वाला है. पुलिस ने दोनों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन बरामद किया है.
सूचना के आधार पर 18 वर्षीय आरोपी प्रिंस महोबिया निवासी रुस्तम का बगीचा को पकड़ा. पूछताछ में उसने चोरी करना कबूल किया और बताया कि उसने यह वारदात अपने शौक पूरे करने के लिए की थी. प्रिंस ऑटो पार्ट्स की दुकान पर काम करता है और 8 वीं तक पढ़ा है. पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों से एक सोने का मंगलसूत्र, दो जोड़ पायजेब, चार चांदी के कंगन, तीन चांदी की चूड़ियां, एक चांदी की चैन, दो जोड़ी बिछुए और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
उधर, पुलिस ने उससे माल खरीदने वाले 25 वर्षीय राज यादव निवासी रुस्तम का बगीचा को भी गिरफ्तार किया. राज यादव 11 वीं तक पढ़ा है और ढाबा चलाने का काम करता है. राज यादव का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. उसके खिलाफ एमआईजी, पलासिया और हीरानगर थानों में एनडीपीएस एक्ट, अपहरण, मारपीट और अवैध शराब सहित चार प्रकरण दर्ज हैं. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि कहीं उन्होंने अन्य वारदातों को भी अंजाम तो नहीं दिया है.
