मानसून में देरी से रायसेन के धान किसान चिंतित, भूजल स्तर गिरा, बारिश का इंतजार

रायसेन: रायसेन जिले में मानसून की दस्तक में देरी से धान उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस साल जिले में लगभग 2 लाख 80 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की तैयारी की गई है। हालांकि, पर्याप्त बारिश न होने के कारण बुवाई और रोपाई का काम प्रभावित हो रहा है।मीडिया की टीम ने शुक्रवार को रायसेन के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर किसानों से बात की। किसानों ने बताया कि धान की खेती पूरी तरह पानी पर निर्भर करती है। यदि समय पर बारिश नहीं हुई, तो बुवाई और रोपाई में देरी होगी, जिसका सीधा असर फसल के उत्पादन पर पड़ेगा।

भूजल स्तर काफी नीचे चला गया
रायसेन शहर के पास रहने वाले किसान भगवान सिंह ने बताया कि उन्होंने लगभग 20 एकड़ में धान की फसल लगाने की तैयारी की है। बारिश की उम्मीद में उन्होंने टुकड़ों-टुकड़ों में धान की पौध भी डाल दी है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक वे ट्यूबवेल के सहारे पानी दे रहे थे, लेकिन भीषण गर्मी के कारण भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे ट्यूबवेल से भी पानी कम निकल रहा है।भगवान सिंह ने आगे कहा, ‘धान की खेती के लिए लगातार पानी की आवश्यकता होती है। यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई, तो रोपाई प्रभावित होगी और फसल का समय भी पीछे खिसक सकता है। अब हमारी नजरें केवल आसमान पर टिकी हैं।’

तीन महीने नियमित पानी आवश्यक
किसानों ने बताया कि धान चार महीने की फसल है, जिसमें लगभग तीन महीने तक नियमित पानी की आवश्यकता रहती है। यही कारण है कि जिले के किसान मानसून की पहली अच्छी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खेत पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन पानी के बिना बोवनी की रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है।कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि धान की खेती के लिए जून के अंतिम सप्ताह तक अच्छी बारिश होना जरूरी है। यदि मानसून और देर से सक्रिय हुआ तो रोपाई का समय प्रभावित हो सकता है। फिलहाल जिले के हजारों किसान खेतों की मेड़ों पर खड़े होकर बादलों का इंतजार कर रहे हैं।

Next Post

आईडीए 50 करोड़ की लागत से पूर्वी रिंग रोड पर बनाएगा फ्लाई ओवर

Sat Jun 20 , 2026
इंदौर: शहर में पूर्वी रिंग रोड पर एक और फ्लाई ओवर ब्रिज की सौगात मिलने वाली है. इससे शहर में यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगा. मुख्यमंत्री ने आज रोबोट चौराहे पर फ्लाई ओवर ब्रिज बनाने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि ब्रिज निर्माण की लागत 50 करोड़ रुपए […]

You May Like