
सीधी। जिले के पथरौला चौकी अंतर्गत बरवाही गांव में मंगलवार देर रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार मिनी हाइवा ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक महिला और 5 साल के मासूम सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान बकवा निवासी आनंद बहादुर सिंह के रूप में हुई है। घायलों में रूद्र सिंह, अरुणा बसोर, संजय बसोर और आयुष बसोर शामिल हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस चालक मनोज यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी, जबकि तीनों घायलों की हालत गंभीर थी। प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया।
इनका कहना है
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बुधवार सुबह मड़वास अस्पताल भेजा गया।देर रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
देवराज सिंह, चौकी प्रभारी पथरौला
